27 फ़रवरी 2021 - 13:46
प्रतिरोधक गुटों की जवाबी कार्यवाही के डर से इराक़ में अमरीकी सैनिक अलर्ट

इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि सीरिया से लगने वाली इराक़ की सीमा पर अमरीकी बमबारी की प्रतिक्रिया के डर से इस देश में मौजूद अमरीकी सैनिकों को अलर्ट कर दिया गया।

ईसना समाचार एजेन्सी के अनुसार अमरीकी सेना ने इराक़ में मौजूद अपने सैनिकों के लिए अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया है।  यही कारण है कि इराक़ की अलबलद छावनी में अमरीकी सैनिक हाई अलर्ट पर हैं।  इन अमरीकी सैनिकों से कहा गया है कि वे छावनी के बाहर अपनी सुरक्षा के लिए सचेत रहें।  इस सूत्र के अनुसार इराक़ में अमरीकी सैनिकों का हाई अलर्ट आगे कई दिनों तक जारी रह सकता है।

याद रहे कि अमरीका के युद्धक विमानों ने शुक्रवार को सुबह सीरिया से मिलने वाली इराक़ की सीमा पर बमबारी की थी।  यह बमबारी अल्बूकमाल और अलक़ाएम के बीच की गई।  इराक़ के सांसद अहमद अलअसदी के अनुसार इराक़ के स्वयंसेवियों पर किये जाने वाले आक्रमण में 30 लोग शहीद और घायल हुए हैं।